विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से देश भर में पथ संचलन किया गया। जोधपुर में भी अलग-अलग प्रखंड में पथ संचलन हुआ। जिसमें संघ के स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कदम से कदम ताल मिलाते हुए संघ के स्वयंसेवक जब अपने-अपने क्षेत्र से निकले तो लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। जोधपुर महानगर के विवेकानंद नगर के महाराणा प्रताप बस्ती में भी पथ संचलन किया गया। जिसमें संत रामविचार महाराज शामिल हुए। वहीं प्रांत शारीरिक प्रमुख भगवत दान का भी सानिध्य रहा। इसमें करीब 250 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। जगह जगह पर पुष्पवर्षा भी की गई। गौरतलब की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना नागपुर में साल 1925 में विजयदशमी के दिन की गई थी। जोधपुर में इसकी शुरुआत 1941 में की गई। जालोरी गेट के बाहर बख्तावरमाल जी बाग में वर्तमान में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पिता गोविंद फडणवीस ने यहां पर एक पहली शाखा शुरू की थी। गोविन्द अपने मामा के पास पढ़ाई के लिए जोधपुर आए थे। इस दौर में संघ के दूसरे सरसंचालक माधव सदाशिव राव गोलवलकर गुरु जी ने साल 1946 में जोधपुर का प्रवास किया था और बख्तावरमल जी का बाग स्थित शाखा में उनका कार्यक्रम भी हुआ था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जोधपुर महानगर की ओर से वर्तमान में 145 बस्तियों में 300 से अधिक शाखाएं संचालित की जा रही है। विजयादशमी के मौके पर गुरुवार को 34 बस्तियों में पथ संचलन समारोह किया गया।


