जोधपुर सहित तीन शहरों में 575 करोड़ से बनेंगी सड़कें:किसानों को अब जल्द मिलेंगे नए कृषि कनेक्शन, शेरगढ़ में भी अब बढ़ेगा टूरिज्म

राज्य सरकार का दूसरा बजट बुधवार को पेश हो रहा है और इससे जोधपुर शहर को भी कई सौगातें मिल रही है। इनमें सबसे अहम है जोधपुर, अजमेर, कोटा की 575 करोड़ की लागत से सड़कें बनाने की घोषणा। इसके साथ ही दो लाख गरीब परिवारों को पट्‌टे देने की घोषणा भी की गई है। इसके लिए सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने भी कच्ची बस्तियों के नियमन को लेकर विशेष योजना बनाने की मांग की थी, जो बुधवार को हुई बजट घोषणा से पूरी होने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रदेश में ग्रामीण टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए की गई 20 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा में के शेरगढ़ को भी विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही सबसे बड़ी उम्मीद है जोधपुर शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का प्रोजेक्ट। इसके लिए शहर विधायक अतुल भंसाली की पहल पर शहर के सभी बड़े बरसाती नालों को जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए फिलहाल 175 करोड़ रुपए का बजट आवंटन हो, तो मुख्यत: भैरव नाला, नेहरू पार्क नाला, आरटीओ नाला, बालसमंद फूल बाग और माता का थान नालों को जोड़कर इन सभी का पानी शहर से बाहर जोजरी नदी तक पहुंचाना प्रस्तावित है। यह प्रोजेक्ट बजट में घोषित होता है, तो पूरे शहर को बारिश के दिनों में होने वाली जानलेवा समस्या का स्थायी निदान भी हो जाएगा। एमजीएच में भी कार्डियक यूनिट शुरू होने की उम्मीद सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने भी शहर से जुड़े अहम मुद्दों को उठाते हुए सरकार से कुछ मांगें रखी है। इनमें शहर के महात्मा गांधी अस्पताल में कार्डियक यूनिट शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से की गई है। जोशी ने बताया कि शहर की आधी आबादी भीतरी शहर में है और वहां के लोग अचानक तबीयत बिगड़ने पर एमजीएच ही पहुंचते हैं। यहां हृदय रोग का पता चलने पर उन मरीजों को एमडीएमएच रेफर किया जाता है, लेकिन इस प्रक्रिया में सबसे अहम समय गुजर जाता है और कई बार ऐसे मरीजों की जान भी चली जाती है। एमजीएच में ही कार्डियक यूनिट शुरू हो जाए, तो कई लोगों की जान बच सकेगी। इसके अलावा, दूसरी अहम मांग है शहर के विभिन्न इलाकों में बसी बस्तियां, जहां लोग 40-50 साल या इससे भी अधिक समय से रह रहे हैं, उन बस्तियों का नियमितिकरण करने के लिए कोई कदम उठाया जाए। यह कदम इन बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। इसके अलावा, शोभावतों की ढाणी क्षेत्र में स्थित पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करने और खेमे का कुआं क्षेत्र में एक कन्या महाविद्यालय खोलने की मांग भी रखी है। सुंदर बालाजी सनसेट पाइंट से बढ़ेगा पर्यटन शहर के चौपासनी क्षेत्र में सुंदर बालाजी मंदिर और इसके आसपास की पहाड़ियों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना भी बताई जा रही है। ऐसे में राज्य सरकार इस प्रोजेक्ट को बजट में शामिल कर फंड आवंटित करे, तो शहर को एक ओर नया पर्यटन केंद्र की सौगात मिल सकती है। इसके लिए कुछ अतिक्रमण हटाने के साथ ही पहाड़ी पर ही विकास कार्यों की उम्मीद है। एमडीएमएच विस्तार व मॉडर्नाइजेशन की भी उम्मीद पश्चिमी राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल एमडीएम में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की उम्मीद भी इस बजट से है। साथ ही यहां आने वाले मरीजों की बड़ी तादाद को देखते हुए मौजूदा संसाधनों के साथ-साथ अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी बढ़ेगी, ऐसी उम्मीद की जा रही है। शहर से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी पूरे होने की उम्मीद जोधपुर शहर के भीतरी भाग में स्थित प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार और इनका कायाकल्प होने की उम्मीद इस बजट से की जा रही है। इसी तरह, शहर के ट्रैफिक को सुधारने के लिए एक ओवर ब्रिज और दो अंडर ब्रिज के प्रस्ताव भी सरकार को भेजे गए थे। इस बार के बजट में रातानाडा भाटी चौराहा सहित दो क्षेत्र में अंडरब्रिज और बरकतुल्लाह खान स्टेडियम के निकट से एक ओवरब्रिज की दरकार भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *