जो हरि को भजता है, उसकी कभी हार नहीं होती, अभिमानी को नहीं मिलते भगवान

भास्कर न्यूज| बारां शहर के अस्पताल रोड स्थित संस्था धर्मादा धर्मशाला में कार्णिक सेवा संस्थान के माध्यम से भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। कथा के दौरान संत गोपाल कृष्णाचार्य महाराज ने कहा कि जो हरी को भजता है, उसकी कभी हार नहीं होती। भगवान अपने भक्तों पर कृपा करते हैं, जब भक्त उसको पुकारता है, तो वह दौड़े चले आते हैं। इसलिए हमें हर पल भगवान को याद करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिमानी को कभी भगवान नहीं मिलते। भगवान तो भाव के भूखे होते हैं, जो प्रेम से उसे याद करते हैं। वह दौड़े चले आते हैं। महाराज का व्यास पीठ पर विराजमान होने पर कथा दिवस यजमान सीएल सुमन, डॉ. केशव गोपी ने परिवार सहित पूजन अर्चन कर व्यासपीठ को नमन किया। साथ ही विधायक राधेश्याम बैरवा, पूर्व विधायक हेमराज मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल सुमन, कमलेश बंसल, विमल बंसल, संस्था धर्मादा संस्था के मंत्री भारत जैन, बारां मंडी अध्यक्ष मनीष लश्करी, जगदीश सिंघल, राजेंद्र शर्मा सहित जयपुर, कोटा, शिवपुरी से पधारे भक्तों ने महाराज का शाल व साफा पहनकर स्वागत किया। कथा के दौरान महाराज ने कंस वध की कथा का वाचन करते हुए कहा कि पाप ज्यादा दिन तक नहीं टिक पाता। आखिर उसे सत्य के आगे झुकना व मिटना ही पड़ता है। हमें हमेशा सत्य मार्ग पर चलते हुए दूसरों की सेवा में अपने आप को समर्पित करना चाहिए। प्रभु ने अगर हमें धन धान्य से सम्पन्न बनाया है, तो हमारा प्रयास रहना चाहिए की गौ सेवा, संत सेवा व संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व नौछावर करना चाहिए। इस अवसर पर रुक्मणी मंगल की आकर्षक झांकी सजाई गई। सुनील शर्मा ने बताया कि 31 दिसंबर को रात 10 बजे से संस्था धर्मादा धर्मशाला में भजन संध्या का आयोजन कर प्रभु की आराधना की जाएगी। तथा समापन वर्ष का धन्यवाद व नव वर्ष का स्वागत किया जाएगा। वहीं कथा आयोजन समिति से जुड़े हसमुख राय व गिरजाशंकर नंदवाना ने बताया कि भागवत कथा में मंगलवार 31 दिसंबर को सुभद्रा हरण व सुदामा चरित्र आदि कई प्रसंगों का वाचन होगा कथा का विश्राम नव वर्ष एक जनवरी को होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *