गुरमीत लूथरा | अमृतसर श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह अमेरिका में होने वाले गुरमत समागम में शामिल होने से वंचित रह गए। उन्होंने नई दिल्ली से सान फ्रांसिस्को के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर एआई 183 पर बिजनेस क्लास में अपने 2 साथियों के साथ रवाना होना था, लेकिन सीटों की साफ सफाई न होने के चलते स्टाफ से ऐतराज जताया। शिकायत के बावजूद स्टाफ ने सीटों की साफ-सफाई कराने की बजाय ज्ञानी रघबीर सिंह से दुर्व्यवहार किया। ज्ञानी रघबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों ने न सिर्फ उनसे गलत व्यवहार किया बल्कि उन्हें यात्रा करने की इजाजत देने से साफ इंकार कर दिया। ज्ञानी रघबीर सिंह ने कहा कि वह रोष स्वरुप जहाज से उतरकर बाहर आ गए तथा टर्मिनल चेक प्वाइंट के समक्ष बैठ गए। उन्होंने एयर इंडिया द्वारा बिजनेस क्लास के नाम पर दी जा रही बदत्तर सहूलियतों और स्टाफ के रवैये की निंदा की। उन्होंने कहा कि उन्हें बेवजह एयर इंडिया ने परेशान किया। अधिकारी उनका पासपोर्ट भी अपने साथ ले गए तथा 3 घंटे उन्होंने इसी परेशानी में बिताए । ज्ञानी रघबीर सिंह ने बताया कि वह अपने 2 साथियों के साथ तीन घंटे भूखे प्यासे वहीं बैठे रहे और अंत में एयरपोर्ट से शाम को लौट आए।


