सिटी रिपोर्टर| बिलासपुर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारियों का प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन 30 नवंबर को बिलासपुर स्थित अनुभव भवन ज्येष्ठ नागरिक संघ कार्यालय में होगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश बाजपेयी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे जय स्तंभ, शनिचरी बाज़ार में श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगा। इसके बाद शहीद सम्मान पदयात्रा निकाली जाएगी, जो अनुभव भवन पहुंचेगी। यहां सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज वंदन एवं पंजीयन प्रक्रिया होगी। सुबह 10:30 से दोपहर 2 बजे तक प्रांतीय सम्मेलन, प्रस्ताव चर्चा एवं प्रबोधन विचार मंथन का आयोजन होगा। इस अवसर पर शहर में नव-निर्मित सेनानी पट्टिका एवं वंदे मातरम गार्डन बनवाने वाले वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी, विशिष्ट अतिथि संगठन मंत्री कपूर सिंह दलाल, डॉ. राजा मिश्रा, अरुण प्रताप सिंह होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ प्रांतीय अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल करेंगे। प्रमुख वक्ता के रूप में गणेश शंकर मिश्रा, आचार्य नरेंद्र नाथ मिश्रा, प्रो. केके अग्रवाल एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी हैं। दोपहर 1 से 2 बजे तक अतिथि सम्मान एवं सभी सेनानी परिवार उत्तराधिकारियों को सेनानी गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। दोपहर के बाद सम्मेलन का समापन होगा। समारोह की तैयारी को अंतिम रूप देने पदाधिकारियों ने बैठक की।


