ज्योति केन की मौत मामले में पांच छात्रों पर FIR:चंबल में कूंदने से पहले छात्रा ने भेजा था मैसेज, लिखा- मैं हार गई दिमाग वाले लोगों से…

भिंड जिले में 20 वर्षीय छात्रा ज्योति केन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। फूप थाना क्षेत्र में चंबल नदी से छात्रा का शव बरामद हुआ। पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, वहीं परिजन इसे हत्या बताते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, मौत से ठीक पहले ज्योति ने अपने भाई को व्हाट्सऐप पर लंबा मैसेज भेजा था, जिसमें उसने पांच छात्रों पर ब्लैकमेल करने, फोटो वायरल करने की धमकी देने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। इसी आधार पर पुलिस ने पांचों छात्रों पर FIR दर्ज की है। ये था मामला भिंड के फेज-दो में रहने वाली छात्रा ज्योति मंगलवार दोपहर घर से यह कहकर निकली कि वह पीएमश्री एमजेएस कॉलेज जा रही है। परिवार को लगा कि वह पढ़ने गई है, लेकिन कुछ देर बाद सूचना मिली कि फूप इलाके में चंबल नदी में एक लड़की ने छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर नदी से छात्रा का शव बाहर निकाला गया। वहीं पास में उसका कॉलेज बैग भी मिला। बैग में पानी और शराब की बोतल होने से मामला और संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। तीन दिन बाद शव का अंतिम संस्कार हुआ घटना के बाद परिवार ने आरोप लगाया कि ज्योति को आत्महत्या के लिए उकसाया गया है। इसी वजह से बुधवार को परिजन पीएम हाउस के बाहर डटे रहे। तीसरे दिन यानी गुरुवार को भी उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया। परिवार का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे शव नहीं उठाएँगे। परिजन और रिश्तेदार वहीं धरने पर बैठे रहे। बाद में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने और अधिकारियों के समझाने पर परिवार शव लेने के लिए तैयार हुआ। ये लिखा था ज्योति ने अपने आखिरी मैसेज में…
भिंड पुलिस को जांच में सबसे बड़ा सुराग ज्योति के मोबाइल से मिला है। मौत से ठीक पहले उसने अपने भाई को व्हाट्सऐप पर एक भावुक और दर्द भरा मैसेज भेजा था। इसमें उसने लिखा था-
“भाई, मैं हार गई इन दिमाग वाले लोगों से… जिन पर भरोसा किया, उन्होंने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। दीपक ने मुझे लगातार धमकाया, मेरी फोटो काजल और छाया को दे दी। मेरी वही दोस्त आज मुझे ब्लैकमेल कर रही हैं। अलग-अलग नंबर से फोन करवाया जा रहा है। राजन ने झूठ बोलकर मुझसे रिश्ता बनाया, उसकी सगाई पहले से तय थी। इन सब लोगों ने मेरी जिंदगी खराब कर दी… अब मैं और नहीं जी सकती।” मैसेज में ज्योति ने यह भी लिखा कि दीपक अन्य छात्राओं को फंसाकर रिलेशनशिप करता है, उनके फोटो रखता है और ब्लैकमेल करता है। ज्योति के परिजनों का कहना है कि बेटी लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना में थी। उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मोबाइल पर धमकी दी जाती थी कि अगर उसने बात नहीं मानी तो उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी जाएगी। परिवार का आरोप है कि यह सिर्फ आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है।
5 लोगों के खिलाफ एफआईआर
ज्योति के पिता की शिकायत पर पुलिस ने कॉलेज में पढ़ने वाली काजल, छाया, छात्र दीपक, पवन राजावत और राजन के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी बात को लेकर परिजन नाराज हैं। एसडीओपी रविंद्र वास्कले का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन छात्रा के मैसेज और परिजनों के आरोपों के आधार पर हर एंगल से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *