सिटी रिपोर्टर | बोकारो शुक्रवार को बोकारो एसपी हरविंदर सिंह की अध्यक्षता में बोकारो के शिबू सोरेन स्मृति भवन टाउन हॉल में जिले के सभी ज्वेलर्स दुकान मालिकों के साथ सुरक्षा को लेकर बैठक की गई। बैठक में सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। बैठक में ज्वेलर्स दुकानदारों को सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, सिक्योरिटी अलार्म के साथ-साथ हेलमेट-मास्क को बैन करने की बात कही गई। बैग लेकर दुकान आने वालों की पहले सुरक्षा जांच करने को कहा गया। दुकानदारों ने भी अपनी समस्याओं को एसपी के समक्ष रखा। अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष देवदास ने दुकानों में बुर्का पहनकर आने पर प्रतिबंध की मांग की। कहा कि वैसे दुकानदार जो हथियार का लाइसेंस सुरक्षा की दृष्टि से लेना चाहते हैं, उनको उपलब्ध कराने का काम करें। बैठक में ज्वैलरी व्यवसायियों ने सुरक्षा संबंधी कई सुझाव दिए। मांग किया कि पुलिस प्रशासन एक आधिकारिक नोटिस बोर्ड उपलब्ध कराए। इस बोर्ड पर स्पष्ट लिखा हो कि कोई भी व्यक्ति दुकान में टोपी, हेलमेट, काला चश्मा या नकाब पहनकर प्रवेश नहीं करेगा। यह बोर्ड जिले की सभी ज्वेलरी दुकानों के प्रवेश द्वार पर लगाया जाएगा। एसपी ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि प्रत्येक ज्वेलरी शॉप में सीसीटीवी कैमरे सही ढंग से काम करें, साथ ही हूटर और एक खुफिया अलार्म स्विच अनिवार्य रूप से लगाएं। ज्वेलरी शॉप संघ के अध्यक्ष संजय सोनी ने एसपी के निर्देशों को सुरक्षा के प्रति सकारात्मक कदम बताया। गौरव रस्तोगी ने जानकारी दिया कि पुलिस द्वारा एक मॉक ड्रिल कराई जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जा सके।


