ज्वेलर्स का लाखों का सोना लेकर भागा कारीगर गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | लुधियाना कई ज्वेलर्स का लाखों का सोना लेकर भागे कारीगर को थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने काबू किया है। आरोपी का नाम खेखन बेरा है, वह मूल रूप से गांव राधा कीतापुर, थाना दासपुरा, पश्चिम मैधनापुर, वैस्ट बंगाल का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी से 100 ग्राम के करीब सोना रिकवर कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया गया। जहां उसका 2 दिन का रिमांड मिला है। रिमांड दौरान आरोपी से पूछताछ जारी है। इस दौरान पुलिस उससे चोरी किया गया और भी सोना रिकवर करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने यह मामला रॉयल सिटी, गांव भौरा, नजदीक जालंधर बाइपास के रहने वाले सुनील जैन की शिकायत पर दर्ज किया। सुनील जैन ने बताया कि उनकी शिवपुरी रोड पर वल्लभ ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सुनील का कहना है कि आरोपी खैखन उनके सोना लेकर जेवरात बनाकर देता था। वीरवार को उन्होंने दुकान खोलकर चेक की तो आरोपी उनका 160 ग्राम सोना, जो उन्होंने जेवरात बनने के लिए दिया हुआ था, लेकर फरार हो गया। तीन साथी सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुए। उनके साथ ही सर्राफा बाजार के अभिषेक चौहान का 74 ग्राम, सचिन बत्तरा का 65 ग्राम सोना व 10 ग्राम सोने का कड़ा भी ले गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा भी कुछ लोग हैं, जिनका सोना कारीगर लेकर फरार हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। थाना डिवीजन नंबर 4 के इंचार्ज हरप्रीत सिंह का कहना है कि आरोपी को काबू कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। इस मामले में अगर किसी दूसरे की शमूलियत सामने आती है, तो उसे भी नामजद कर गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *