बोकारो में सोमवार की शाम हथियारबंद चार बदमाशों ने ज्वैलरी शॉप में जमकर लूटपाट की। वारदात चास थाना क्षेत्र स्थित आस्था ज्वेलर्स में हुई। चारों लुटेरे बाइक से आए थे और सारे गहने और कैश लेकर भाग गए। दुकानदार के अनुसार, लाखों रुपए के गहनों की लूट हुई है। वहीं, पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी
घटना के दौरान दुकान के मालिक जितेंद्र कुमार और स्टाफ को बंधक बनाकर लुटेरों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए पूरी दुकान लूट ली। जितेंद्र कुमार के अनुसार, चारों लड़कों में से दो पिस्तौल से लैस थे और वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। अभी नुकसान का सटीक आकलन संभव नहीं: दुकानदार
इधर, घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जितेंद्र कुमार ने बताया कि अभी नुकसान का सटीक आकलन संभव नहीं है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपए के आभूषण लूटे गए हैं। चांदी की अंगूठी दिखाने की बात कह दुकान में आए बदमाश
आस्था ज्वेलर्स के मालिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि ‘चार लड़के दुकान पर आए और चांदी की अंगूठी दिखाने के लिए कहा। मैंने कहा- यहां चांदी की अंगूठी नहीं है। फिर उन्होंने कहा-सोने की अंगूठी दिखाइए। मैंने कहा- अभी मेरे पास स्टाफ नहीं है आप एक घंटे बाद आइएगा। इतना कहना ही था कि उन्होंने रिवॉल्वर तान दी। सभी को बंधक बना लिया। फिर खुद से सब सामान निकालने लगे। गाली-गलौज भी किया। इसके बाद कैश काउंटर से 100 और 500 रुपए की गड्डी भी अपने साथ ले गए।’ इधर, इस घटना से चास बाजार में दहशत का माहौल है और व्यापारियों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।


