लुधियाना| थाना डिवीजन-7 के न्यू गुरु नानक नगर इलाके में मोहल्ला प्रधान और टाइल व्यवसायी उमेश कुमार शर्मा पर रविवार रात जानलेवा हमला हुआ। उमेश ने पुलिस को बताया कि 11 अगस्त की रात करीब 9:15 बजे मोहल्ले में रहने वाले जोरावर सिंह और मनदीप सिंह सेठी उर्फ विक्की के परिवारों के बीच झगड़ा हो रहा था। सूचना मिलने पर वे और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने लगे। झगड़ा खत्म होते ही जोरावर सिंह का परिवार घर चला गया, लेकिन मनदीप सेठी का साला वहां आकर ऊँची आवाज़ में गाली-गलौज करने लगा। प्रधान के समझाने पर उसने अपने 7-8 साथी बुला लिए, जिन्होंने आते ही उमेश और मोहल्ला वासियों पर हमला कर दिया। हमले में उमेश कुमार शर्मा के बाएं हाथ पर किरपान से वार, चेहरे के दाहिने हिस्से पर हथियार से चोट, सिर पर ईंट और बाएं गाल पर रॉड से वार किया गया। मोहल्ले के अन्य लोग, जिनमें जेबी सिंह मल्ला भी शामिल हैं, घायल हुए। इलाके के लोगों ने घायलों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश में कार्रवाई तेज कर दी है।


