भीख मांगते पकड़े गए बच्चों को दिलाया भविष्य का मौका

भास्कर न्यूज | लुधियाना डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स ने रायकोट में बाल भिक्षावृत्ति रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया। औचक चेकिंग के दौरान 6 बच्चों को भीख मांगते रेस्क्यू कर उनके स्कूलों में दाखिला करवाया गया। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी रश्मि ने बताया कि टीम ने बस स्टैंड रायकोट, गुरुद्वारा टाहलियाणा साहिब, हरी सिंह नलुआ चौक, सुधार, बद्दोवाल, पुरानी चुंगी और हलवारा क्षेत्रों में कार्रवाई की। आम जनता को भी जागरूक किया गया कि बच्चों को भीख न दें, ताकि इस सामाजिक बुराई पर रोक लग सके। रेस्क्यू बच्चों को माता-पिता की मौजूदगी में पकड़ा गया। परिजनों ने आर्थिक तंगी के कारण स्कूल में दाखिला न हो पाने की बात कही। इस पर टीम ने तुरंत शिक्षकों से संपर्क कर बच्चों को पढ़ाई का अवसर दिलाया। बाल सुरक्षा अधिकारी रश्मि ने कहा कि अचानक चेकिंग आगे भी जारी रहेगी, ताकि लुधियाना को बाल भिक्षावृत्ति से मुक्त किया जा सके। उन्होंने जनता से अपील की कि भीख देने की बजाय शिक्षा दिलाने में सहयोग करें। अभियान में संदीप सिंह (केस वर्कर, चाइल्डलाइन), प्रभजोत कौर (केस वर्कर), मनजोत सिंह (सुपरवाइज़र, चाइल्डलाइन), तनशीन कौर (डीसी कार्यालय), सतविंदर सिंह (शिक्षा विभाग) और गुरमीत सिंह (इंस्पेक्टर) मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *