झाबुआ पुलिस ने गुजरात ले जाई जा रही करीब 1 करोड़ 73 लाख रुपए की अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को जब्त किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब की पेटियों को पशु आहार (खल) की बोरियों के नीचे छिपा रखा था। पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि एक ट्रक (MP09HH8119) के जरिए अवैध शराब की बड़ी खेप राजकोट (गुजरात) भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक को धर दबोचा। ऊपर पशु आहार, नीचे शराब का जखीरा जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी शुरू की, तो पहले ऊपर केवल पशु आहार की बोरियां नजर आईं। लेकिन जैसे ही उन बोरियों को हटाया गया, नीचे शराब का विशाल जखीरा देखकर पुलिस टीम भी दंग रह गई। जब्त की गई शराब का विवरण- लंदन प्राइड: 120 पेटियां (कीमत ₹18 लाख) किंगफिशर बीयर: 217 पेटियां (कीमत ₹18.22 लाख) ग्रीन पार्क (अंग्रेजी): 300 पेटियां (कीमत ₹57.60 लाख) रॉयल चैलेंज: 135 पेटियां (कीमत ₹25.92 लाख) शराब की कुल 772 पेटियों की कीमत करीब ₹1.20 करोड़ आंकी गई है। ट्रक और पशु आहार की कीमत मिलाकर कुल जब्ती ₹1,73,74,500 की है। झाबुआ पुलिस ने पिछले तीन महीनों में शराब तस्करी के 175 से अधिक मामले दर्ज किए हैं।


