झाबुआ में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को वर्किंग वुमन हॉस्टल के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। मंत्री भूरिया ने इस अवसर को जिले के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मॉडर्न सुविधाओं से युक्त इस हॉस्टल का निर्माण जनजातीय अंचल की महिलाओं के लिए एक नए युग की शुरुआत है। मंत्री बोलीं- लंबे समय से थी हॉस्टल की कमी मंत्री ने बताया कि बड़े शहरों में ऐसी सुविधाएं उपलब्ध थीं, लेकिन जनजातीय क्षेत्रों में इसकी लंबे समय से कमी महसूस की जा रही थी। यह हॉस्टल कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक आवास की कमी को दूर करेगा। यह हॉस्टल 50 सीटर क्षमता वाला होगा, जिसे भविष्य में 100 सीटर तक विस्तारित किया जा सकेगा। यह दो मंजिला भवन होगा, जिसमें आधुनिक वन-सीटर एवं टू-सीटर कमरे, योगा रूम, लाइब्रेरी, बैडमिंटन कोर्ट, मेस सुविधा के साथ ओपन जिम और चाइल्ड केयर रूम भी शामिल होंगे। सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे वार्डन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। टॉप 10 छात्राओं को दी प्रोत्साहन राशि कार्यक्रम में कई अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले के शासकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं की टॉप 10 छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। परियोजना राणापुर, थांदला, रामा, झाबुआ एवं मेघनगर के 30 नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को मंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस कार्यक्रम में कलेक्टर नेहा मीना भी उपस्थित रहीं। जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया मंत्री निर्मला भूरिया ने मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम झाबुआ की विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण भी वितरित किए। इनमें भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना में ममता भूरिया को होटल–ढाबा के लिए सेंट्रल बैंक झाबुआ से ₹10 लाख, तथा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना में रामतु भूरिया को किराना दुकान के लिए यूनियन बैंक झाबुआ से ₹1 लाख और सोना बामनिया को टेलरिंग के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा झाबुआ से ₹1 लाख का ऋण शामिल था। इसके अतिरिक्त, बाल विवाह रोकथाम के संदेश प्रसार हेतु जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ भास्कर गाचले, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग आर एस बघेल, सहायक संचालक वर्षा चौहान, सीडीपीओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्कूल की छात्राएं उपस्थित रहीं।


