झाबुआ जिले के थांदला और पेटलावद क्षेत्रों में किसानों के खेतों से विद्युत पंप और अन्य कृषि उपकरणों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन वारदातों से किसान परेशान हैं और उन्होंने पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई हैं। हाल ही में थांदला के खवासा और पेटलावद के करवड़ इलाके में हुई चोरियों ने किसानों में चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार रात पेटलावद के करवड़ में माही नहर पर सिंचाई के लिए रखी विनोद शर्मा और मनोहर सिंह सिसोदिया की मोटरों पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर मोटरों के साथ दो ‘गुल्ले’ भी चुरा ले गए, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है। एक किसान ने बताया कि उसने रात करीब 9 बजे अपनी मोटर बंद की थी। सुबह 7 बजे जब वह दोबारा मोटर चालू करने पहुंचा, तो मौके से मोटर गायब मिली। चोर पास रखे दूसरे किसान की मोटर भी उखाड़ ले गए थे। नहर किनारे लगातार हो रही चोरी की इन घटनाओं से किसान चिंतित हैं। उनका कहना है कि सिंचाई के साधन पहले ही सीमित हैं, और इस तरह की चोरियां उनकी खेती को प्रभावित कर रही हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में कई चोरी की वारदातें हुई हैं। बरवेट पंचायत के ग्राम मोटापाला में किसान भवानीसिंह राठौर की मोटर चोरी हो गई थी। डाबड़ी पंचायत के ग्राम नवापाड़ा में अमरसिंह खड़िया और अंबाराम खड़िया की मोटरें भी खेत से चुरा ली गईं। वहीं, रुपारेल ग्राम में नानकिया मैड़ा की मोटर भी चोर उठा ले गए। पिछले 15 दिनों में कई ऐसी घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन सभी मामलों में संबंधित किसानों द्वारा पुलिस में शिकायतें दर्ज करवाई गई हैं। पुलिस इन चोरियों की जांच कर रही है।


