झाबुआ में व्यापारी से मारपीट:: 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस, 2 फरार

झाबुआ शहर के चंद्रशेखर आजाद मार्ग पर 15 जनवरी की रात एक कटलरी व्यापारी के साथ हुई मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों के बाद सक्रिय हुई टीम ने इस वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में नागनखेड़ी निवासी राकेश निनामा, परवलिया का विश्वजीत गणावा और सहारा कॉलोनी मेघनगर का पहाड़सिंह मचार शामिल हैं। यह पूरी घटना दुकान के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल को लेकर शुरू हुई थी, जिसमें आरोपियों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए पीड़ित व्यापारी मनीष के साथ मारपीट की थी। इस पूरे घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त था और अगले ही दिन पूरे शहर के व्यापारी एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करने सड़कों पर उतर आए थे। पुलिस ने जब इन आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय ले जाने के लिए सड़क पर निकाला, तो दबंगई दिखाने वाले इन बदमाशों की हेकड़ी निकली देख वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कोतवाली टीआई आरसी भास्करे के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को जेल भेज दिया है। इसी मामले के दो अन्य आरोपी रवि डामोर और पिंटू डामोर, निवासी करडावद बड़ी, फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *