उमरिया जिले में वन विकास निगम की टीम ने अवैध सागौन ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। यह कार्रवाई चंदिया परियोजना परिक्षेत्र के बड़ी बीट के कक्ष क्रमांक पी 41 के जंगल में की गई। टीम को देखते ही ट्रैक्टर का चालक और मजदूर मौके से फरार हो गए। वन विकास निगम के कर्मचारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर निगम के डिपो में खड़ा करवाया है। जब्त की गई ट्रॉली में सागौन की 15 बल्लियां भी मिली हैं। परिक्षेत्र अधिकारी योगेश गुप्ता ने रविवार को बताया कि जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं है। अधिकारी अब चेचिस नंबर के आधार पर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच कर रहे हैं। गुप्ता ने आगे बताया कि वन विभाग जंगल में लगातार निगरानी कर रहा है और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।


