झाबुआ में ₹15.8 करोड़ की 3 परियोजनाएं मंजूर:सिंचाई और श्रृंगेश्वर धाम विकास को मिलेगी गति

झाबुआ जिले में 15.8 करोड़ रुपए से अधिक की तीन परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा, वहीं श्रृंगेश्वर धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से यह स्वीकृति दी है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से फसल उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। इसमें 5.99 करोड़ रुपए की लागत से मुण्डत बैराज का निर्माण शामिल है, जिससे 360 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इसके अतिरिक्त, 3.53 करोड़ रुपए की मुकामपुरा तालाब (नहर रहित योजना) से 120 हेक्टेयर क्षेत्र को पानी मिलेगा। माही नदी के तट पर स्थित श्रृंगेश्वर घाट के कायाकल्प के लिए 6.28 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है। इस परियोजना से तटों की सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित होगी, जिससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इससे स्थानीय होटल, परिवहन और हस्तशिल्प व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, और श्रद्धालुओं को पूजन-अनुष्ठानों में सुगमता होगी। कलेक्टर नेहा मीना ने बताया कि आगामी 2028 उज्जैन सिंहस्थ को देखते हुए श्रृंगेश्वर धाम को ‘शिवलिंग टूरिस्ट सर्किट’ से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसे प्रदेश के मुख्य पर्यटन मानचित्र पर भी अंकित किया जाएगा, जिससे यह स्थान जिले की एक नई पहचान बन सकेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और जल संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पेटलावद में ये परियोजनाएं कृषि अर्थव्यवस्था के लिए वरदान साबित होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *