झाबुआ जिले के करवड़ गांव में पिछले काफी समय से परेशानी का कारण बने सांडों से ग्रामीणों को राहत मिल गई है। सोमवार सुबह सांड के हमले में कांग्रेस नेता मोहनलाल पाटीदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद दाहोद (गुजरात) रेफर किया गया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया, जिसके बाद ग्राम पंचायत और स्थानीय युवाओं ने मिलकर सांडों को पकड़ने की योजना बनाई। जेसीबी की मदद से पिकअप में चढ़ाया सांड कई घंटों की मेहनत के बाद टीम ने दोनों सांडों को घेर लिया। उन्हें काबू में करने के लिए बेहोश किया गया और फिर जेसीबी की मदद से सांडों को पिकअप गाड़ी में चढ़ाकर गांव की सीमा से दूर एक सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि ये सांड पिछले कई महीनों से आने-जाने वाले लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों पर हमला कर रहे थे। इनके हमले में पहले भी कई लोग घायल हो चुके थे। दुर्घटना रोकने के लिए ग्रामीणों ने उठाया कदम ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह कदम नहीं उठाया जाता, तो आगे चलकर कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। सांडों के पकड़े जाने के बाद करवड़ के लोगों ने राहत की सांस ली है। इस पूरे काम में ग्राम पंचायत की टीम के साथ बड़ी संख्या में गांव वालों ने मदद की।


