झारखंड के 14 जिलों में घना कोहरा:9 जिलों का तापमान 10 डिग्री के नीचे, हजारीबाग-पलामू में ठंड से 2 लोगों की मौत

झारखंड इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व दिशा से आ रही नमी भरी हवा है। आलम यह है कि प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के 14 जिलों में कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड की संभावना बनी रहेगी। इनमें रांची, गुमला, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा जिले शामिल हैं। विभाग ने बताया कि यह स्थिति 22 दिसंबर तक बनी रह सकती है। शीतलहर से हालात, हजारीबाग-पलामू में मौतें कोहरे और बादलों के कारण दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कई इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। हजारीबाग में ठंड से दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं पलामू सहित 9 जिले में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। सुबह और देर रात घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। पलामू जिले के हुसैनाबाद की बेनीकला पंचायत के फुलडीहा गांव में अंगीठी जलाकर सो रही नानी-नातिन की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मुलारो कुंवर नाम की महिला अपनी नातिन माया कुमारी के साथ अंगीठी जला कर सो रही थी। घर के बाकि लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह जब उन्हें घर के लोग पहुंचे तो दोनों बेहोश पड़ी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन फ्लाइट रद्द, चार ट्रेन लेट पहुंची शुक्रवार से ही मौसम के मिजाज में हुए बदलाव का असर हवाई यात्रा और रेल यात्रा पर देखने को मिला। कोहरे की वजह से रांची के बिरसामुंडा एयरपोर्ट से 14 विमान देर से उड़ान भर सके। वहीं इंडिगो की रांची दिल्ली और रांची-बेंगलुरु फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। ट्रेनों की बात करें तो रांची-दिल्ली झारखंड स्वर्णजयंती, इस्लामपुर-हटिया, पटना-हटिया पाटलीपुत्र और गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस देर से रांची पहुंची। इधर, मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़त हुई है। रांची का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की बढ़कर 9.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान मात्र 0.2 डिग्री की गिरावट के साथ 22.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राज्य में सबसे अधिक ठंड रांची के कांके में रहा। कांके का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *