भास्कर न्यूज | हजारीबाग झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन का सीमा देसाई ट्वेंटी-ट्वेंटी महिला क्रिकेट टूर्नामेंट, झारखंड ग्रीन टीम ने जीत लिया। हजारीबाग क्रिकेट एसोसिएशन की मेजबानी में खेले गए मैच में झारखंड ग्रीन ने झारखंड रेड को एक रन से पराजित कर विजेता बना है। विजेता और विजेता टीम को झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सहाय, सचिव देवाशीष चक्रवर्ती और संयुक्त सचिव पीएन सिंह ने पुरस्कृत किया। विजेता टीम को ₹100000 का चेक और उपविजेता की टीम को 80000 रुपए का चेक प्रदान किया गया। इसी टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चुनकर राज्य महिला क्रिकेट टीम की घोषणा की जाएगी। जेएससीए के अध्यक्ष और सचिव ने खिलाड़ियों को शुभकामना देते हुए कहा कि हम लोग खिलाड़ी और एसोसिएशन को सहयोग करते हैं। एचडीसीए विकासशील है। हर बार आधारभूत संरचना में बदलाव दिखता है। हजारीबाग जिला बदलने के लिए तत्पर है, हम लोग भी सहयोग के लिए तैयार हैं। मैच में पहले खेलते हुए झारखंड ग्रीन की टीम ने 10 विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाया। इसमें संध्या कुमारी के 25 और अश्विनी कुमारी के 23 रन शामिल थे। झारखंड ग्रीन की अनामिका कुमारी ने सबसे किफायती बोलिंग करते हुए दो ओवर में 14 रन देकर तीन खिलाड़ियों को आउट किया रितु कुमारी ने चार ओवर में 27 रन देकर तीन खिलाड़ियों को आउट किया। जवाबी पारी में झारखंड रेड की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 20 ओवर खेल कर 104 रन ही बना पाया। मैच का अंतिम रोमांचक था। एक स्थिति आई कि 9 बॉल में 9 रन बनाना था। समापन समारोह में सहयोग करने वाले स्कोरर, अंपायर, कोच को भी सम्मानित किया गया। समापन समारोह में एचडीसीए के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद कुमार, सचिव राजेश तिवारी सहित आशीष चौधरी, विकास चौधरी अब्दुल मन्नान वारसी, अनिल अग्रवाल, रितेश कुमार, संजय भूषण, रंजीत कुमार, मनोहर सिंह, जेपी सहित अन्य ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।


