गढ़वा | झारखंड मुक्ति मोर्चा के मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने झारखंड बजट 2026 को राज्य के संतुलित और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार को जोड़कर आत्मनिर्भर झारखंड की मजबूत नींव रखने वाला विकासोन्मुख खाका है। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा क्षेत्र पर विशेष जोर दिया गया है। विभिन्न जिलों में नए आवासीय विद्यालय, 100 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस तथा शहीदों के आश्रितों के लिए आदर्श विद्यालय खोलने की घोषणा से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे। चतरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना और नए कॉलेजों के साथ व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विस्तार से युवाओं को नई दिशा मिलेगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में PET-CT स्कैन, मैमोग्राफी मशीन, 750 नए अस्पताल, मेडिकल कॉलेजों का उन्नयन। एमबीबीएस और पीजी सीटों में वृद्धि से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ होगी। किसानों के लिए सिंचाई सुविधा, सोलर आधारित कोल्ड स्टोरेज और पलाश मार्ट योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। गढ़वा जिले में बालिका आवासीय विद्यालय और नए आंगनबाड़ी केंद्रों का प्रावधान स्वागत योग्य कदम है।


