शहर के पुरानी बाजार स्थित स्वर्ण व्यवसायी नरेश बाबू सर्राफ की दुकान से दो सौ ग्राम सोने के जेवर की लूट के मामले को लेकर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल गढ़वा के निदेशक सह चैंबर ऑफ कॉमर्स मेदिनीनगर के संयुक्त सचिव अनूप कुमार सोनी ने पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी कौशल किशोर और प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने मामले में त्वरित एवं ठोस कार्रवाई की मांग की है। अनूप कुमार सोनी ने कहा कि 21 फरवरी को उनके चाचा नरेश बाबू सर्राफ की दुकान पर दो अज्ञात युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। दोनों ने सोने के आभूषण देखने की बात कही। दुकान में सामान्य तरीके से उन्हें गहने दिखाए जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने बातों में उलझाकर नरेश बाबू सर्राफ को चकमा दिया और मौका पाते ही करीब दो सौ ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद दुकान में अफरा-तफरी मच गई। काफी खोजबीन के बावजूद दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना तत्काल गढ़वा थाना को दी गई और अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। व्यवसायी वर्ग का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं शहर के व्यापारिक माहौल के लिए चिंताजनक हैं। यदि समय रहते अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो इससे अन्य दुकानदारों में भय का वातावरण बन सकता है। डीआईजी से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। प्रतिनिधिमंडल में चैंबर ऑफ कॉमर्स मेदिनीनगर के अध्यक्ष विनोद उदयपुरी, संयुक्त सचिव अनूप सोनी, पलामू जिला व्यवसायी संघ के महासचिव अनुपम तुलसियान, इंजीनियर आकाश कुमार सहित अन्य लोग शामिल थे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि व्यवसायियों में विश्वास बहाल हो सके। वहीं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


