गिरिडीह के निमियाघाट थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल से पुलिस ने 4 हजार लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद किया है। होटल संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अवैध कारोबार में प्रयुक्त दो कारें भी जब्त की है। यह कार्रवाई बिहार उत्पाद विभाग और झारखंड एटीएस की सूचना पर की गई। सूचना मिली थी कि गिरिडीह से कच्चा स्प्रिट बिहार भेजा जा रहा है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने हेठनगर स्थित लाइन होटल पर छापेमारी की। होटल परिसर से सैकड़ों गैलन में भरा कच्चा स्प्रिट मिला। इसकी कीमत लाखों रुपए है। जांच में पता चला है कि यह गिरोह लंबे समय से झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार कर रहा था। एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


