36 डिग्री तक पहुंचा झारखंड का तापमान अगले 2 दिन में 4 डिग्री तक गिरने वाला है। इस वजह से मार्च में ही लग रही गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और बारिश का प्रभाव झारखंड में पड़ने वाला है। इस दिशा से आने वाली हवा राज्य के तापमान में बदलाव लाएगी। यह बदलाव सप्ताह के अंत तक दिखने लगेगा। मौसम केंद्र रांची का पूर्वानुमान है कि 4 डिग्री तक तापमान गिरने से गर्मी से निजात मिलेगी। इस दौरान मौसम साफ और शुष्क रहने वाला है। मौसम में बदलाव संभावित है पर इसे लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। देश के उत्तरी हिस्से से आने वाली हवा सुबह-शाम ठंड का एहसास कराएगी। 36.7 डिग्री पहुंचा सरायकेला का तापमान बीती 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला का रहा। यहां 36.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। वहीं हजारीबाग में सबसे कम 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसमें 24 घंटे में 1.7 डिग्री के गिरावट आई। वहीं न्यूनतम तापमान 18.9 रहा जो सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसमें 24 घंटे में 2.1 डिग्री सेल्सियस की कमी रही। बीमार कर सकता है मौसम, रखें ध्यान प्रदेश में मार्च के पहले सप्ताह में ही तापमान 35 डिग्री के पार चला गया है। अब मौसम विभाग इसमें भी बदलाव की बात कह रहा है। 4 डिग्री तक तापमान में गिरावट हो सकती है। ऐसे में सर्द-गर्म का यह मौसम बीमार कर सकता है।
रिम्स के जनरल फिजिशियन डॉ संजय सिंह के मुताबिक अचानक से मौसम में हुआ यह बदलाव लोगों को लापरवाह कर दे रहा है। दिन भर की गर्मी के बाद शाम को लगने वाली ठंड वायरस आधारित बीमारियां फैलाती हैं। ऐसे में अभी सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। 38 डिग्री तक जा सकता है कोल्हान का तापमान मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी गर्मी महसूस होगी। राज्य के चार जिले ऐसे हैं, जहां का अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक जाने की संभावना है। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में अधिकतम 34 व न्यूनतम 18 डिग्री रह सकता है। वहीं कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम 35 डिग्री व न्यूनतम 17 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला अधिकतम 32 डिग्री व न्यूनतम 17 डिग्री, पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां व सिमडेगा अधिकतम 38 व न्यूनतम 19 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।


