झारखंड में कड़ाके की ठंड, शीतलहर का यलो अलर्ट:मैक्लुस्कीगंज में तापमान -1°C, 14 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी

झारखंड में कड़ाके की ठंड का दौर फिलहाल थमने के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार राज्य में ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर सक्रिय उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण शीतलहर का प्रभाव लगातार बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि रात और सुबह के समय ठंड का असर और तेज रहेगा। इसे देखते हुए 12 से 16 जनवरी तक राज्य के कई जिलों के लिए शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट की जद में गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग शामिल हैं। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। 12 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे रविवार को राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। मैक्लुस्कीगंज में पारा माइनस 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे ओस की बूंदें जमने लगीं। गुमला में 2.8, हजारीबाग में 4.8, डालटनगंज में 4.9 और खूंटी में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। लोहरदगा का न्यूनतम तापमान 6.7, बोकारो 7.1, सिमडेगा 7.2, देवघर 7.9, पाकुड़ 8.1 और कोडरमा 8.5 डिग्री रहा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सरायकेला में यह 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कुल मिलाकर 12 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। 14 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी शीतलहर और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रांची के उपायुक्त ने सभी निजी स्कूलों में केजी से कक्षा छह तक की पढ़ाई 14 जनवरी तक स्थगित करने का आदेश जारी किया है। वहीं कक्षा 7 से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे के बाद संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का सख्ती से पालन करना स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी। इस फैसले से छोटे बच्चों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि कामकाजी अभिभावकों के लिए यह व्यवस्था कुछ चुनौतियां भी लेकर आई है। प्रदेश में ठिठुरन बढ़ी, बाजारों में रौनक हुई कम ठंड का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण कंपकंपी महसूस की जा रही है। बाजारों में रौनक कम हो गई है और अधिकतर दुकानें शाम होते ही बंद हो जा रही हैं। प्रशासन ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं दूसरी ओर कड़ाके की ठंड के बावजूद मैक्लुस्कीगंज और आसपास के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ देखी जा रही है। दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रह सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *