ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव:रायगढ़ में शीत लहर का असर, तेज ठंड से न्यूनतम तापमान 11 डिग्री

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हल्की शीत लहर के कारण ठंड का असर तेज महसूस किया जा रहा है। ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी की ओर आदेश जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि वर्तमान में चल रही शीत लहर को ध्यान में रखते हुए शालाओं के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। दो पालियों में संचालित स्कूलों में प्रथम पाली की कक्षाएं सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली की कक्षाएं दोपहर 12:15 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगी। वहीं, एक पाली में संचालित स्कूलों का समय सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह आदेश 10 जनवरी से 17 जनवरी तक प्रभावशील रहेगा। सप्ताह भर तापमान में उतार-चढ़ाव मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, आगामी सप्ताह में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। सोमवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार से इसमें लगभग 1 डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है। ऐसे में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी और फिर से गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। ठंड को देखते हुए जारी किया गया आदेश जिला शिक्षा अधिकारी केवी राव ने बताया कि सुबह के समय ठंड का प्रभाव अधिक रहता है और शीत लहर भी चल रही है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। यह आदेश 17 जनवरी तक लागू रहेगा। उन्होंने लोगों से ठंड के मौसम में आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *