झारखंड में कडा़के की सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से झारखंड के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवा से हवा में नमी आ गई है। वहीं पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से झारखंड में दिन में भी ठिठुरन बढ़ गई है। इससे पूरा झारखंड कांप रहा है। सोमवार से मंगलवार की सुबह तक राज्य में ठंड का नया रिकॉर्ड बना। गुमला सबसे ठंडा रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान गुमला का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री गिरकर 2.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गुमला में पिछले दस सालों की सर्दी का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले सप्ताह शुक्रवार को गुमला का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो पिछले दस सालों का सबसे कम न्यूनतम तापमान था। लेकिन अब इससे भी कम न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड बन गया है। दूसरे स्थान पर रांची से सटा खूंटी सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री गिरकर 3.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, रांची में भी सीजन का सबसे ठंडा दिन मंगलवार को रहा, जब न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री गिरकर 5.4 डिग्री पर पहुंंच गया। यह सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। रांची के अलावा पांच जिलों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम हो गया है। आगे क्या : आज रांची सहित 10 जिलों में चलेगी शीतलहर मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर को भी ठंड से बहुत अधिक राहत नहीं मिलेगी। क्योंकि, बुधवार को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा में शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक जनवरी से ठंड से कुछ राहत की संभावना जताई है। अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।


