झारखंड में कोरोना वायरस के संक्रमण से मंगलवार को एक मरीज की मौत हो गई। कोविड से मरने वालों में इस साल यह पहली मौत है। मरीज का इलाज रांची के ट्रामा सेंटर में चल रहा था। वहीं, रांची में कोविड संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या 7 हो गई है। इधर, रिम्स में भर्ती यह मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित था और कई गंभीर बीमारियों से भी पीड़ित था। वहीं, रांची में मंगलवार को 16 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें तीन लोग संक्रमित पाए गए। मास्क पहनने का निर्देश वहीं, कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए कुछ दिनों पहले ही जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। नाक बहने, गले में खराश, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखने पर मास्क पहनने का निर्देश दिया गया है। ताकि संक्रमण का विस्तार न हो। यदि आपको फ्लू का कोई लक्षण है, सांस लेने में तकलीफ हो और ऑक्सीजन लेवल 93 प्रतिशत से नीचे आ जाए, तेज बुखार और पांच दिनों से अधिक समय तक खांसी हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने के लिए कहा गया है, ताकि समय रहते इलाज शुरू हो सके। मरीजों को संक्रमण का स्पष्ट संकेत न हो तब तक एंटीबायोटिक्स का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई है।


