झारखंड में मई के पहले दो हफ्ते में बारिश:महीने के अंत तक 42 डिग्री तक जाएगा पारा, 7 मई तक मेघ गर्जन, बारिश व वज्रपात

झारखंड के कई जिलों में 7 मई तक आंधी, ओलावृष्टि, वज्रपात और बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इस परिवर्तन को देखते हुए आज पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिला में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची सहित 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि आज राज्य के 20 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इधर लगातार मौसम में बदलाव से मई महीने में मौसम सुहाना हो गया है। सभी जिलों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान गिरा है। बीते दो दिनों में कई जगहों पर ओलावृष्टि, बारिश और मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चली। मौसम विभाग के अनुसार 4, 5 और 6 मई को सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके आगे बढ़ने की भी संभावना है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मौसम में बदलाव मौसम विभाग के अनुसार एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन राजस्थान से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। इसका असर झारखंड पर पड़ रहा है। यही वजह है कि आए दिन राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग स्तर की बारिश हो रही है। राज्य के सभी जिलों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आने से मौसम में ठंडापन आया है। खासकर रात में तापमान मई और गिरावट आ रही है। बीते तीन दिनों में सबसे अधिक तापमान की बात करें तो पलामू का रिकॉर्ड किया गया है। यहां औसत अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम है। मई के पहले दो हफ्ते में बारिश मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 मई तक गर्मी से राहत रहेगी। पहले दो हफ्ते बारिश की संभावना है। वज्रपात और आंधी के भी आसार हैं। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी। पारा 32-34 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। दूसरे और तीसरे सप्ताह में भी सामान्य से कम बारिश होगी। मई के तीसरे और चौथे सप्ताह में तापमान में वृद्धि होगी। महीने का अंतिम सप्ताह लोगों को तपाएगा। इस दौरान पारा के 40 से 42 डिग्री तक चढ़ने की संभावना है। इस माह पिछले साल की गर्मी का रिकॉर्ड भी टूट सकता है। साल 2024 में पारा 42.2 डिग्री पर पहुंचा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *