रांची | बजरंग दल का कहना है कि अब हिंदू पलायन नहीं करेगा और डटकर मुकाबला करेगा। हिंदू समाज को जागृत करने के लिए बजरंग दल द्वारा शौर्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। झारखंड में 30 मई से 6 जून तक वार्षिक बजरंग दल शौर्य प्रशिक्षण वर्ग होंगे और इनमें अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। 1 जुलाई से 7 जुलाई तक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत सभी प्रखंडों में नि:शुल्क मैडिकल कैंप लगाने और पूरे प्रांत में वृहद स्तर पर पौधरोपण करने की योजना शुरू की जाएगी। 27 जुलाई से 7 अगस्त के बीच बूढ़ा अमरनाथ साहसिक यात्रा निकाली जाएगी। 14 अगस्त को अखंड भारत संकल्प दिवस प्रखंड स्तर पर मनाने की योजना है। यह निर्णय बजरंग दल झारखंड प्रांत की एक दिवसीय बैठक में लिया गया। बैठक के बाद प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो ने बताया कि बैठक के उद्घाटन और समापन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संयोजक नीरज दोनेरिया ने कहा कि देश में जो स्थिति उत्पन्न हुई है इसे बजरंग दल वर्षों से हिंदू समाज को बताता आ रहा है।


