झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है। राजधानी रांची सहित गिरिडीह, जामताड़ा, लातेहार और धनबाद जैसे जिलों में सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं। इन जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। इसके साथ ही वज्रपात और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की बात कही गई है। मौसम में इस परिवर्तन की वजह से सुबह से गर्मी कम है, लेकिन मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि यह राहत बहुत लंबी नहीं चलने वाली है। आज और कल मौसम रहेगा साफ, 10 से लू मौसम विभाग की रिपोर्ट बता रही है कि 8 मई और 9 मई को आसमान साफ रहने वाला है। मौसम शुष्क बना रहेगा लेकिन 10 मई से संथाल परगना के तीन जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। इस दायरे में दुमका, पाकुड़ और गोड्डा जिला रहने वाला है। इसके अतिरिक्त 11 से 13 मई के बीच लू की चपेट में संथाल परगना के अन्य जिले भी आएंगे। लू चलने का दायरा देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिला में रहेगा। 3 दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी राज्य के इन जिलों में लू चलने की आशंका को देखते हुए 10 में से 13 मई तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। आज कई जिलों में सुबह में बादल तो छाए रहेंगे लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ होने की संभावना है। इससे दिन में तेज धूप लगेगी। जो लोगों को परेशान कर सकती है। अधिकतम तापमान में भी वृद्धि होने की भी संभावना है। पिछले 24 घंटे में मौसम की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान गोड्डा का 39.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। समय से पहले पहुंचेगा मानसून इधर भारतीय मौसम विज्ञान के अनुसार मानसून अंडमान निकोबार में समय से पहले पहुंच गया है। यह बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। संभावना जताई जा रही है कि इस बार झारखंड में भी मानसून समय से पहले पहुंच सकता है। सामान्य तौर पर मानसून केरल में 31 में से 1 जून तक पहुंचता है। इसके 10 से 12 दिन बाद झारखंड में संथाल परगना के रास्ते प्रवेश करता है। बीते 24 घंटे के दौरान रांची के कुछ इलाकों सहित धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, लोहरदगा, लातेहार और सिमडेगा में हल्की बारिश हुई। बुधवार को लोहरदगा में लगभग 5 मिमी बारिश हुई, जबकि पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बहरागोड़ा में 23 मिलीमीटर बारिश हुई है।


