मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर तक बंगाल की खाड़ी में एक नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसके असर से झारखंड में 24 सितंबर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने इस दौरान राज्य में चार दिन का यलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच कई इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। राज्य में अभी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 सितंबर तक बादल बरस सकते हैं। वहीं 24 सितंबर तक तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आज गरज के साथ बारिश के आसार रविवार यानी 21 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकने की चेतावनी दी है। अगले दो दिनों के दौरान झारखंड में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि उसके बाद तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे मौसम में ठंडक का एहसास होने लगेगा। 26 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में 26 सितंबर तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होती रहेगी। 24 सितंबर तक तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट लागू है। इस साल का मानसून सामान्य रहा। पिछले 24 घंटे में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दर्ज की गई। सबसे अधिक 71.8 मिमी बारिश जामताड़ा में रिकॉर्ड की गई। वहीं सर्वाधिक तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।


