बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने, पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड के मौसम में खासा परिवर्तन देखा जा रहा है। गुरुवार को राज्य के पश्चिमी हिस्सों को छोड़ बाकी क्षेत्र में कहीं-कहीं 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही गरज के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इधर, पिछले 24 घंटे में राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन और आंधी के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश 42.0 एमएम खूंटी में दर्ज की गई। 20 तक यलो अलर्ट
वहीं, मौसम विभाग ने 20 अप्रैल तक राज्य में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसे देखते हुए पूरे राज्य में 20 तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। धनबाद में सबसे कम रहा न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस धनबाद में दर्ज किया गया। लगातार 4 दिनों से अचानक बदल रहा मौसम
इधर, राज्य में लगातार मौसम कभी गर्म तो कभी ठंडा हो रहा है। दोपहर तक धूप और फिर अचानक बारिश के कारण शाम के बाद ठंड से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कुछ दिन पहले जहां लोग एसी चलाने लगे थे वहीं अब फिर कंबल निकाल चुके हैं। लगातार मौसम में बदलाव के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। वे बीमार हो रहे हैं और अस्पताल पहुंच रहे हैं। दो दिनों तक नहीं बदलेगा अधिकतम तापमान
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें दो-तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। आज कैसा रहेगा मौसम
17 अप्रैल को पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर शेष सभी भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना है। हवा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। शुक्रवार को भी चलेगी तेज हवा
18 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ समेत दक्षिण पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, हवा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।


