झालावाड़ में शिक्षित बेरोजगारों के लिए एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 28 नवंबर को आईटीआई झालावाड़ में जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय (मॉडल करियर सेंटर) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। इसमें जिले के युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे। जिला रोजगार अधिकारी अंकुर शर्मा ने बताया कि शिविर में निजी कंपनियां सिक्योरिटी गार्ड, ग्रुप लीडर, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव, रिलेशनशिप ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, स्टोर असिस्टेंट, पिकर-पैकर और सेल्स एग्जीक्यूटिव जैसे विभिन्न पदों पर चयन करेंगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या उससे अधिक तथा आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। शिविर में विभिन्न प्रशिक्षण और ऋण प्रदान करने वाले संस्थान भी उपस्थित रहेंगे। ये संस्थान रोजगार, स्वरोजगार प्रशिक्षण और ऋण के लिए आवेदकों का चयन करेंगे और उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। शर्मा ने बताया कि रोजगार सहायता शिविर में 10 से अधिक निजी क्षेत्र के नियोक्ता लगभग 1000 से अधिक रिक्तियों पर भर्ती करेंगे। शिविर में एग्रीकल्चर, टेक्निकल, फाइनेंस, बीमा और सिक्योरिटी सहित विभिन्न सर्विस सेक्टर से संबंधित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इच्छुक बेरोजगार आवेदक इस शिविर में भाग लेकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।


