झालावाड़ कलेक्टर मिनी सचिवालय में गंदगी देखकर हुए नाराज:कई जगहों पर कचरा, दीवारों पर तंबाकू के मिले निशान

झालावाड़ में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बुधवार को मिनी सचिवालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और रिकॉर्ड प्रबंधन की गहन समीक्षा की। यह निरीक्षण करीब डेढ़ घंटे तक चला। कलेक्टर राठौड़ ने सचिवालय परिसर में स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का बारीकी से अवलोकन किया। इनमें एडीएम कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, कोष कार्यालय, रसद विभाग, अल्पसंख्यक विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, आयुर्वेद विभाग, बीमा विभाग सहित एडीएम कोर्ट और एसडीएम कोर्ट शामिल थे। निरीक्षण के दौरान मिनी सचिवालय परिसर के कई स्थानों पर गंदगी, कचरा और दीवारों पर तंबाकू के निशान पाए गए। इस पर जिला कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने परिसर में तंबाकू का सेवन करने वालों के विरुद्ध कोटपा एक्ट के तहत तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मिनी सचिवालय की छत पर घास उगने और बिल्डिंग मटेरियल (कंकर-पत्थर) पड़े होने पर भी कलेक्टर ने असंतोष जताया। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश मीणा को छत से घास और मलबा शीघ्र हटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर राठौड़ ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भवन में आवश्यक मरम्मत, रंग-रोगन और टूटी खिड़कियों एवं दरवाजों को शीघ्र दुरुस्त कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने मिनी सचिवालय का हर माह अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने के भी सख्त आदेश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *