सीएम भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तह झालावाड़ जिले के 2 लाख 575 किसानों को 20 करोड़ 5 लाख 75 हजार रुपए की पांचवीं किश्त सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मिनी सचिवालय में किया गया। यह राशि राज्य के उन सभी पीएम किसान योजना के पात्र किसानों को दी जा रही अतिरिक्त सहायता का हिस्सा है, जिसकी घोषणा बजट में की गई थी। इस योजना का उद्देश्य किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान, जिले के किसानों को कृषि विभाग के अंतर्गत फसल खराबे के मुआवजे की राशि भी वितरित की गई। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के पात्र लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी किसानों और ग्रामीणजनों तक पहुंचाई गई। इन शिविरों का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ सुनिश्चित करना है। शिविर प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र अथवा ग्राम पंचायत भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व उप जिला प्रमुख भागचन्द दांगी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान एवं पशुपालक मौजूद रहे।


