झालावाड़-बारां में सांसद दुष्यंत सिंह की पदयात्रा:पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे करेंगी रवाना, 28 जनवरी से शुरू

झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह की तीन दिवसीय ‘सांसद जन संवाद पदयात्रा’ का दूसरा चरण 28 जनवरी, बुधवार को शुरू होगा। इस पदयात्रा का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की उपस्थिति में किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने यह जानकारी दी। यह यात्रा प्रातः 10 बजे ग्राम पंचायत माथनिया के नकलंग गांव स्थित महादेव मंदिर में देव दर्शन के बाद प्रारंभ होगी। प्रथम दिवस, 28 जनवरी को यह नकलंग से बानौर पहुंचेगी, जहाँ रात्रि विश्राम होगा। द्वितीय दिवस, 29 जनवरी को यात्रा बानौर से आगे बढ़कर धरोनिया पहुंचेगी और वहीं रात्रि विश्राम करेगी। तृतीय दिवस, 30 जनवरी को पदयात्रा धरोनिया से शुरू होकर जेताखेड़ी में रात्रि विश्राम के साथ संपन्न होगी। इस पदयात्रा में रायपुर मंडल, पिड़ावा ग्रामीण एवं नगर मंडल के कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक सहभागिता करेंगे। सांसद दुष्यंत सिंह इससे पहले प्रथम चरण में डग विधानसभा क्षेत्र से भी ऐसी ही पदयात्रा निकाल चुके हैं। यह पदयात्रा आमजन की समस्याओं को जानने और उनके समाधान के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। पूर्व में, डग विधानसभा क्षेत्र की पदयात्रा के बाद सांसद ने झालावाड़ जिला प्रशासन की बैठक लेकर समस्याओं से अवगत कराया था और उनके समाधान के निर्देश दिए थे। इस आयोजन को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की झालावाड़ में बढ़ती सक्रियता के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *