श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ कस्बे में एक ट्रॉले ने पिता-पुत्र समेत 3 लोगों को रौंद डाला। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा सदर थाना इलाके में NH-62 पर हुआ। गांव भगवानसर और सरदारगढ़ मोड़ के बीच रविवार शाम करीब सवा 6 बजे हुए इस हादसे में पिता-पुत्र के अलावा उनका एक साथी भी शामिल है। 2 बाइक में हुई टक्कर, ट्रॉला ने बचाने की कोशिश में रौंदा
हादसा उस समय हुआ जब 2 बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के कारण दोनों बाइक सवार सड़क किनारे गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रॉले के ड्राइवर ने उन्हें बचाने की कोशिश में ट्रॉले को सड़क से नीचे उतार दिया, लेकिन ट्रॉला एक बाइक पर सवार 3 लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। काम खत्म कर घर लौट रहे थे तीनों
मृतकों की पहचान सिंधुवाला निवासी आदराम (50) पुत्र रतीराम नायक, उनके बेटे रामकुमार (32) और 4केएसआर श्योपूरा निवासी इमीलाल (48) पुत्र सहीराम मेघवाल के रूप में हुई है। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति को केवल मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इलाके में शोक की लहर
रामकुमार और इमीलाल सेनेट्री और लाइट फिटिंग का काम करते थे, जबकि आदराम अपने ट्रैक्टर से मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ट्रॉला छोड़कर भाग गया ड्राइवर
सूचना मिलते ही सदर थानाधिकारी रामकुमार लेघा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। ट्रॉला ड्राइवर हादसे के बाद ट्रॉला मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रॉला को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। हाइड्रा क्रेन से ट्रक हटवा कर निकलवाए शव
वहीं दूसरी बाइक पर सवार रामकुमार, उसके पिता आदराम और श्योपुरा क्षेत्र निवासी इमीलाल की ट्रक के नीचे बुरी तरह कुचले जाने से मौके पर मौत हो गई थी। पुलिस ने हाइड्रा क्रेन की मदद से ट्रक को हटवा कर क्षतिग्रस्त बाइक और शवों को बाहर निकाला। इसके बाद तीनों शवों को सूरतगढ़ के उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
पुलिस के मुताबिक मृतक रामकुमार प्लंबर मिस्त्री था, जबकि उसका पिता आदराम ट्रैक्टर ड्राइवर का काम करता था। मृतक रामकुमार के ढाई साल की बेटी और 11 साल का बेटा है। वहीं, मृतक इमीलाल के 2 बेटी और 1 बेटा है। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना में खड़ा करवा दिया है। हादसे में 3 युवतियां हुई घायल
इस भीषण सड़क हादसे में प्रियंका (24) पत्नी सुरेंद्र कुमार निवासी 10 ईईओ बींझबायला, यशोदा (20) पुत्री करणीराम निवासी रामसरा जाखडान, ज्योति (21) पुत्री दयाराम घायल हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सदर सीआई रामकुमार लेघा एएसआई सज्जन चौधरी, हेड कॉन्स्टेबल इंद्राज पूनिया, कॉन्स्टेबल विनोद, जामवंत और जगदीश के साथ मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से घायल युवतियों को निजी वाहन से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। परीक्षा देने के लिए आई थी युवतियां
जानकारी में सामने आया है कि हादसे में घायल यशोदा और ज्योति रविवार को सूरतगढ़ शहर में एक स्कूल में कंप्यूटर कोर्स की परीक्षा देने के लिए आई थी। दोनों युवतियों के अलावा शाम को घर वापस जाने के दौरान परिचित प्रियंका भी इनके साथ थी, तीनों एक बाइक पर बैठकर गांव के लिए रवाना हुए। इसके बाद हाईवे पर यह हादसा हो गया। सूचना मिलने के बाद रामसरा जाखड़ान महिला सरपंच के पति और समाजसेवी विनोद जाखड़ भी मौके पर पहुंचे तथा घायलों की कुशलक्षेम जानी। एक ही दिशा में जा रहे थे तीनों वाहन
सदर थान के सीआई रामकुमार लेघा ने बताया कि तीनों वाहन एक ही दिशा में जा रहे थे। प्रारंभिक तौर पर पहले दोनों बाइक में टक्कर हुई थी, इनमे एक बाइक पर सवार युवतियां सड़क से नीचे मिट्टी में गिरने से घायल हो गई। जबकि दूसरे बाइक पर सवार लोग सड़क पर गिर गए। ऐसे में पीछे आ रहे ट्रॉले ने उन्हें रौंद दिया। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कंटेंट- धर्मपाल बिश्नोई, मानकसर।


