झालावाड़-बारां मेगा हाईवे पर गुरुवार रात करीब 10:30 बजे एक चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार में सवार परिवार ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। यह घटना बाघेर घाटी क्षेत्र के पास हुई। जानकारी के अनुसार झालरापाटन निवासी वकील मनीष गोयल पुत्र रमेश गोयल अपने परिवार के साथ खानपुर से झालरापाटन की ओर जा रहे थे। बाघेर घाटी के पास पहुंचते ही कार से जलने की तीव्र बदबू आने लगी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए मनीष गोयल ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और वाहन में मौजूद अपने परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। परिवार के बाहर निकलते ही देखते ही देखते कार के इंजन हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं और कुछ ही पलों में पूरी कार आग की चपेट में आ गई। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना तत्काल झालावाड़ फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मंडावर थाना प्रभारी सीआई पवन मीणा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है।


