झालावाड़ शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस लगातार चालान बनाकर लोगों को नियमों का पालन करने की समझाइश दे रही है। शहर के हाईवे सहित विभिन्न स्थानों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने और अन्य यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को भी कोटा रोड पर पुलिस ने कई वाहन ड्राइवरों के चालान काटे। इस दौरान कई वाहन सवार पुलिस को देखकर अपना रास्ता बदलते नजर आए। वहीं, कुछ बाइक सवार एक तरफ खड़े होकर पुलिसकर्मियों के जाने का इंतजार करते रहे। यातायात पुलिसकर्मियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।


