झालावाड़ जिले के रटलाई थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान जीतापुरा निवासी धनराज लोधा के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में झालावाड़ अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धनराज सेमली गांव में एक शादी समारोह से अपनी बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में उसकी बाइक बेकाबू होकर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर 112 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रटलाई ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने धनराज को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल चौकी ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और रटलाई पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने झालावाड़ पहुंचकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी की।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक स्वयं बाइक से गिरकर घायल हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


