झालावाड़ में ‘विकसित भारत’ प्रदर्शनी शुरू:अन्नदाता का मान, श्रम शक्ति का सम्मान थीम पर तीन दिवसीय आयोजन

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा झालावाड़ जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय मल्टी मीडिया प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित इस प्रदर्शनी का विषय ‘विकसित भारत: अन्नदाता का मान, श्रम शक्ति का सम्मान’ है। गुरुवार को जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर इसका उद्घाटन किया। प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी ने कहा कि यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का फायदा पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी वंदे मातरम् के 150 साल और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस दौरान जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक महेश सिसोदिया ने उपस्थित दर्शकों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के फायदा और पात्रता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योजना के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जीएसटी की सहायक आयुक्त अर्पिता त्रिवेदी ने जीएसटी को कर सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत 1 जुलाई 2017 को हुई थी और इसने वैट सहित कई पूर्ववर्ती करों को समाहित किया है। महिला बाल विकास विभाग के बाल विकास परियोजना अधिकारी रविंद्र कुमार मीणा ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के बारे में बताया। उन्होंने जानकारी दी कि पहले इस योजना में तीन किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाती थी, जिसे अब बदलकर दो किस्तों में पात्र महिलाओं को प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व उप जिला प्रमुख भागचंद दांगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को फायदा पहुंचाने के साथ ही उनकी मानसिकता को बदलने का भी काम किया है। उन्होंने स्वच्छता अभियान और उज्ज्वला योजना को इसके बेहतरीन उदाहरण बताया। उन्होंने यह भी कहा कि देश हर क्षेत्र में सक्षम बनेगा तभी 2047 तक विकसित राष्ट्र की श्रेणी में शामिल हो पाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *