झालावाड़ में सुशासन दिवस पर अधिकारियों ने ली शपथ:पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को श्रद्धांजलि, जवाबदेह प्रशासन का संकल्प

झालावाड़ में सुशासन दिवस के अवसर पर मिनी सचिवालय सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने शपथ ली। इस दौरान भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।शासन सचिवालय जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शपथ समारोह का लाइव प्रसारण डीओआईटी के वीसी रूम में किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशीलता की भावना से कार्य करने की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाना उनके विचारों और मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है।उन्होंने जोर दिया कि शासन का वास्तविक उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रशासन को सदैव जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मानवीय संवेदनाओं के साथ करें, ताकि शासन की योजनाएं प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सकें। सुशासन दिवस पर जिले के सभी जिला स्तरीय कार्यालयों, ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों और विभागीय संस्थानों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारदर्शी, उत्तरदायी और जनकल्याणकारी प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।डीओआईटी के वीसी रूम में अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *