डीग में महान योद्धा और राष्ट्रनायक महाराजा सूरजमल के बलिदान दिवस पर गुरुवार को एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। महाराजा सूरजमल यूथ ब्रिगेड के तत्वावधान में आयोजित इस रैली को स्थानीय विधायक डॉ. शैलेश सिंह और किसान नेता नेम सिंह फौजदार ने भरतपुर रोड स्थित एक होटल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शुरू होने से पहले अतिथियों ने महाराजा सूरजमल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस विशाल आयोजन में डीजे, ट्रैक्टर, जेसीबी, चारपहिया वाहन और बाइक सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यह रैली पैराडाइज होटल से शुरू होकर भूड़ा गेट, बस स्टैंड, गणेश मंदिर, पुरानी अनाज मंडी, लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, लोहा मंडी, नई सड़क और पुराना बस स्टैंड होते हुए गणेश मंदिर पर समाप्त हुई। रैली के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर इसका स्वागत किया। प्रतिभागी ‘महाराजा सूरजमल अमर रहें’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रैली में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इस अवसर पर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि महाराजा सूरजमल केवल जाट समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव थे। उन्होंने अपने साहस, शौर्य और न्यायप्रिय शासन से इतिहास में एक अमिट स्थान बनाया। उनका जीवन हमें स्वाभिमान, एकता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और देश की सेवा करने का आह्वान किया। किसान नेता नेम सिंह फौजदार ने कहा कि महाराजा सूरजमल ने अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर स्वाभिमान का मार्ग दिखाया। उन्होंने इस रैली को महाराजा सूरजमल के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक बताया। रैली में महाराजा सूरजमल यूथ ब्रिगेड डीग के जिला अध्यक्ष बी.के. फौजदार, संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


