प्रतापगढ़ के ग्राम पंचायत झासड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को छात्रों ने प्रधानाचार्य के तबादले का विरोध किया। छात्रों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। विद्यालय में 16 स्वीकृत पदों में से 13 शिक्षक कार्यरत हैं। विज्ञान व गणित विषय के तीन लेक्चरर पद रिक्त हैं। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सुबह 8 बजे ग्रामीणों व सरपंच प्रतिनिधि के समझाने पर छात्रों ने ताला खोला। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए 10 दिन का समय दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन में शिक्षकों की कमी पूरी नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। विद्यालय में लगभग 300 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने वर्तमान प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह सिसोदिया को यथावत रखने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रधानाचार्य के नेतृत्व में विद्यालय में अनुशासन और अध्ययन दोनों मजबूत हुए हैं। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि देवीलाल मीणा, अर्जुन सिंह, अशोक कुमावत, अजीत टांक, विजयपाल सिंह और तेजराज योग सहित कई लोग मौजूद रहे।


