बीकानेर से दिल्ली कैंट तक वंदेभारत ट्रेन की बुकिंग बुधवार सुबह से शुरू हो गई। IRCTC के माध्यम से हो रही इस बुकिंग में सामान्य कार चेयर के लिए 1125 रुपए देने पड़ रहे हैं, जबकि एक्जीक्यूटिव चेयर के लिए 2140 रुपए का भुगतान करना पड़ रहा है। फिलहाल भारी संख्या में सीट उपलब्ध है। सुबह पांच बजकर चालीस मिनट पर बीकानेर से रवाना होकर ये ट्रेन दोपहर 11.55 बजे दिल्ली केंट स्टेशन पर पहुंचेगी। इस ट्रेन का उद्घाटन 25 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब एक बजे वर्चुअली करेंगे, जिसके लिए बीकानेर रेलवे स्टेशन पर भी कार्यक्रम होगा। बीकानेर से दिल्ली कैंट के लिए इस ट्रेन में सामान्य कार चेयर की चार सौ सीट्स उपलब्ध है, वहीं एक्जीक्यूटिव चेयर की संख्या महज 40 है। प्रीमियम ट्रेन होने के कारण किराया अधिक है और एक्जीक्यूटिव चेयर पर सामान्य से दो गुना ज्यादा किराया है। सामान्य रेल से ज्यादा किराया बीकानेर से दिल्ली जाने के लिए रात दस बजकर बीस मिनट पर दिल्ली-बीकानेर एक्सप्रेस रेल है। जिसमें स्लीपर का किराया 310 रुपए, थर्ड एसी का 800 रुपए, सेकंड एसी का 1110 रुपए और फर्स्ट एसी का 1850 रुपए है। वंदेभारत में एक्जीक्यूटिव का किराया फस्र्ट एसी से भी ज्यादा है। किराया ज्यादा होने का एक कारण इसका प्रीमियम रेल होना है, वहीं चाय-नाश्ता भी इसमें उपलब्ध कराया जाएगा। अब केसरिया के बजाय सफेद ट्रेन बीकानेर से यह ट्रेन केसरिया की बजाय सफेद रंग में दौड़ेगी। बीकानेर की केसरिया वंदेभारत को अब जोधपुर भेज दिया गया, जबकि जोधपुर से सफेद रैक बीकानेर भेजी गई है। पूर्व में बीकानेर में केसरिया रेक आई थी लेकिन रेल मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद इसे बदल दिया गया है। बीकानेर और जोधपुर के बीच ये ट्रेन रैक क्यों बदले गए? इस बारे में कोई जवाब नहीं मिल पाया है।


