झासा के चुनाव में सचिव बने डॉ. मृत्युंजय सिंह

रांची | झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन (झासा) के वर्तमान सत्र के लिए सचिव, उपाध्यक्ष कोल्हान व संयोजक पद के लिए चुनाव रविवार को संपन्न हो गया। जबकि अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव समेत अन्य पदाधिकारियों का चयन चुनाव से पूर्व ही निर्विरोध हो चुका था। रविवार को चुनाव प्रक्रिया 4 बजे तक चली। इसके बाद मतों की गिनती की गई। शाम 4.30 बजे चुनाव परिणाम घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद पर कोल्हान के डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम ने 138 वोटों के साथ जीत दर्ज की। इसके अलावा सचिव पद पर डॉ. ठाकुर मृत्युंजय सिंह ने 899 वोट के साथ जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंदी डॉ. कृष्ण मुरारी सिंह को 267 मत मिले। वहीं, राज्य कन्वेनर पद पर डॉ. शरद कुमार ने 827 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंदी डॉ. सिद्धेश्वर बास्की को 213 मत मिले, जबकि डॉ. संतोष कुमार को 122 मत प्राप्त हुए। चुनाव के परिणाम आने के बाद झासा के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही आशा व्यक्त करते हुए कहा कि नए नेतृत्व के तहत संगठन को और मजबूती मिलेगी। इन पदों पर निर्विरोध गए पदाधिकारी : सदर अस्पताल रांची के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश कुमार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। कोषाध्यक्ष पद में डॉ. स्टीफन खेस, संयुक्त सचिव के 7 पद पर रांची हेडक्वार्टर के लिए सदर अस्पताल रांची के ही लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अजित कुमार, कोल्हान के लिए चाईबासा सदर अस्पताल के डॉ. दिनेश चंद्र, दक्षिण छोटानागपुर के लिए सदर अस्पताल गुमला के डॉ. बालकृष्ण महतो, उत्तर छोटानागपुर के लिए सब डिविजनल हॉस्पिटल बरही के डॉ. राहुल कुमार, पलामू के लिए सीएचसी चैनपुर के डॉ. चमन कुमार, संथाल के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज के डॉ. रणविजय कुमार और डेंटल विंग के लिए चक्रधरपुर सब डिविजनल हॉस्पिटल की डॉ. दीक्षा सिंघल चुनी गई। वहीं, डेंटल विंग डॉ. रवि राज, फीमेल विंग डॉ. मोसारत्त यामिनी, हेड क्वार्टर रांची डॉ. मो. शमीम अख्तर, दक्षिणी छोटानागपुर डॉ. अनुपम किशोर, उत्तरी छोटानागपुर डॉ. संजय कुमार, पलामू डॉ. अंशुमन सागर, संथाल परगना डॉ. मोहन पासवान वाइस प्रेसिडेंट के लिए निर्विरोध चुने गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *