भास्कर न्यूज | राउरकेला सुंदरगढ़ जिले के कुटरा ब्लॉक अंतर्गत किरींगिसिरा पंचायत के झिरपानी गांव में गुरुवार दोपहर 42 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतका की पहचान सरोजिनी एक्का (42) के रूप में हुई है। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। उनकी बेटी संबलपुर में कॉलेज की पढ़ाई कर रही है, जबकि बेटा वर्तमान में चल रही मैट्रिक परीक्षा दे रहा है। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनका बेटा मैट्रिक की परीक्षा देकर घर लौटा और अपनी मां को घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। यह भयावह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया और तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांववासी मौके पर पहुंचे और कुटरा पुलिस को जानकारी दी। तत्परता दिखाते हुए कुटरा थाना की पुलिस टीम गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच से यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


