भास्कर न्यूज | रायगढ़ मामूली विवाद के बाद दो लोगों ने मिलकर दंपत्ति पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में युवक की मौत हो गई वहीं उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल थी। इस मामले में सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया। खैरपुर में रहने वाले छोटन राम और उनकी पत्नी लालती देवी पर मोहल्ले के देवव्रत और कार्तिकराम तुरी ने चाकू से हमला कर दिया। अभियोजन के अनुसार, 24 जनवरी 2023 को गृहप्रवेश की तैयारी के दौरान गली मरम्मत पर देवव्रत से विवाद हुआ। रात सवा 8 बजे देवव्रत मोटरसाइकिल लेकर आया तो लालती ने आपत्ति जताई। झगड़े के बाद वह चला गया, लेकिन कार्तिकराम के साथ लौटकर गाली-गलौज की। सब्जी काटने वाली लोहे की छुरी से लालती के पेट पर वार किया। बीच-बचाव में छोटन राम के पेट पर भी प्रहार हुआ। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाते समय छोटन राम की मौत हो गई, जबकि लालती गंभीर रूप से घायल। छोटन के साला मुन्ना कुमार ने कोतरा रोड थाने में धारा 307, 302, 34 के तहत शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। द्वितीय अपर सत्र न्यायालय के जज जितेंद्र कुमार ठाकुर ने सुनवाई के बाद 56 वर्षीय कार्तिकराम तुरी और 29 वर्षीय देवव्रत कुमार सिन्हा को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास व जुर्माना लगाया। जुर्माना न देने पर 3 माह अतिरिक्त जेल होगी।


