प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से पूरे देशभर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले में नमो युवा मैराथन का आयोजन हुआ। मैराथन के लिए युवा स्वर्ण जयंती स्टेडियम पहुंचे। जिलेभर से आए सैकड़ों युवाओं ने फिटनेस और ऊर्जा से भरपूर अंदाज में मैराथन में भाग लिया। जिला प्रमुख एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षणी कुलहरी और जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ की शुरुआत की। स्वर्ण जयंती स्टेडियम से शहीद स्मारक तक दौड़ी मैराथन यह मैराथन स्वर्ण जयंती स्टेडियम से प्रारंभ होकर मंडावा मोड़, सामुदायिक भवन, नगर परिषद कार्यालय से होती हुई शहीद स्मारक पर समाप्त हुई। पूरे रास्ते में युवा जोश और उत्साह से दौड़ते नजर आए। इस दौरान शहरवासी भी जगह-जगह खड़े होकर युवाओं का उत्साहवर्धन करते रहे। ‘फिट इंडिया–हिट इंडिया’ के नारों से माहौल गूंज उठा। युवा शक्ति का प्रदर्शन युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष जय सिंह माठ ने बताया कि नमो मैराथन का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ और जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि युवा फिट रहेगा तो देश भी फिट और मजबूत बनेगा। आज झुंझुनूं के युवाओं ने एकता और जोश का शानदार प्रदर्शन किया है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उपस्थिति मैराथन की शुरुआत पर जिला प्रमुख एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षणी कुलहरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा ‘फिटनेस’ और ‘सेवा’ पर बल देते हैं। सेवा पखवाड़ा के तहत यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि फिट शरीर ही सफल और खुशहाल जीवन की कुंजी है। जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने मैराथन में युवाओं की भागीदारी को सराहते हुए कहा कि यह आयोजन सिर्फ खेल नहीं बल्कि जीवनशैली में अनुशासन लाने की पहल है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रोजाना कम से कम आधा घंटा शारीरिक गतिविधि के लिए समय जरूर निकालें। वातावरण में देशभक्ति और जोश मैराथन का समापन शहीद स्मारक पर हुआ। यहां युवाओं ने देशभक्ति गीतों और नारों के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। स्मारक पर पहुंचकर सभी प्रतिभागियों ने शहीदों को नमन किया। आयोजन में स्कूली और कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के युवा भी शामिल हुए। कई खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने भी उत्साह के साथ दौड़ लगाई।


